हादसा: यमुना एक्सप्रेस वे पर ऑटो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, महिला समेत 2 की मौत, 5 गंभीर घायल

124

10/7/25 Yamuna Express way:- आगरा के एत्मादपुर में यमुना एक्सप्रेस वे के किलोमीटर संख्या 162.6 पर बुधवार रात को भीषण हादसा हुआ। ऑटो में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से महिला सहित 2 की मृत्यु हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर घायल हो गए।

चालक ऑटो को खंदाैली इंटरचेंज से एक्सप्रेस वे लेकर आया था। सभी को ताजगंज के तोरा गांव जाना था। मगर, ऑटो की बैटरी डाउन होने पर साइड में खड़ा किया था कि पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को ट्रांस यमुना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना रात तकरीबन 9:45 बजे की है। तोरा गांव निवासी बबलू ने बताया कि उसके साले के ससुर का देहांत हो गया था। वह मथुरा के दाऊजी स्थित गांव जराैठी में रहते थे। बुधवार को तेरहवीं थीं। इसमें शामिल होने के लिए उनका छोटा भाई भाई कन्हैया, चचेरा भाई राजू, कन्हैया की पत्नी कमलेश देवी, रिश्तेदार केशव, उसकी पत्नी राधा, चालक सहित दो अन्य लोग गांव से सुबह गए थे।

रात को ऑटो से वापस आ रहे थे। खंदाैली में इंटरचेंज से चालक ऑटो को यमुना एक्सप्रेस वे पर ले आया। वह आटो को कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड ले जा रहा था।
रास्ते में किलोमीटर संख्या 162.6 पर आटो की बैटरी डाउन हो गई। इस पर चालक ने आटो साइड में लगा दिया। सभी लोग बैठे थे। तभी पीछे से आते अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना पर थाना एत्मादपुर पुलिस आई। कमलेश देवी (45) और राजू (40) की मौके पर ही मौत हो गई। केशव, राधा समेत 5 लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कन्हैया राजमिस्त्री है। उनके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी की मृत्यु हुई है।

मृतक राजू फूलो के डेकोरेशन का काम करता था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.