6/5/25 देवास:– इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों के लिहाज से डेंजर जोन में शामिल कलवार घाट में मंगलवार दोपहर एक चार्टर्ड बस व एक अन्य यात्री बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक-दो अन्य वाहन भी चपेट में आ गए। जोरदार टक्कर के बाद दोनों बसों में सवार 45 से अधिक यात्री घायल हो गए।
घायलों को कन्नौद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया जो चार्टर्ड बस का ड्राइवर कमलेश निवासी खातेगांव बताया जा रहा है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों का प्राथमिक उपचार करके इंदौर रेफर किया जा रहा है। वहीं अधिकांश यात्रियों को सामान्य चोट आई है जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बड़ी दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा कन्नौद के सरकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति जानी व उपचार की व्यवस्था देखी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद सौम्या जैन के अनुसार एक व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि हुई है। चार से पांच गंभीर रूप से घायल है जिनको रेफर किया जा रहा है। इसके अलावा 17 से 18 अन्य यात्रियों का कन्नौद के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस जगह हादसा हुआ वह घाट से जुड़ा हुआ है और वहां पर खतरनाक मोड़ है। यात्रियों के अनुसार चार्टर्ड बस हरदा से इंदौर की ओर जा रही थी जबकि दूसरी यात्री बस इंदौर की ओर से आ रही थी मोड पर दोनों बसों के बीच जोरदार टक्कर आमने-सामने से हो गई। घायल होने वालों में अधिकांश यात्री देवास, इंदौर हरदा व अन्य जिलों के हैं।
