27/3/25 लखनऊ:- निर्वाण आश्रय केंद्र में 4 बच्चों की मौत हो गई। इनमें 2 बच्चियां हैं। यहां के 35 बच्चों को उल्टी-दस्त होने पर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 20 बच्चों की हालत अभी भी गंभीर है। 4 बच्चों की मौत की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हडकंप मच गया।
बुधवार रात 8 बजे डीएम विशाख जी लोकबंधु हास्पिटल पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे कमिश्नर रोशन जैकब, प्रमुख सचिव लीना जौहरी और एक बार फिर डीएम लोकबंधु हॉस्पिटल पहुंचे। बच्चों से बातचीत की। कहा कि आश्रय केंद्र के पानी की जांच कराई जाएगी। बच्चों के बीमार होने की शुरुआती वजह फूड पॉइजनिंग बताई जा रही है।
हालांकि, लोकबंधु अस्पताल के CMS डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि बच्चों में पानी की कमी थी। सभी में डायरिया के लक्षण मिले हैं। निर्वाण आश्रय केंद्र पारा इलाके के बुद्धेश्वर में बना है। यह सरकार की मदद से पीपीपी मॉडल पर संचालित होता है। मानसिक कमजोर यानी विमंदित अनाथ और लावारिस बच्चों को यहां रखा जाता है। अभी यहां 146 बच्चे हैं। ज्यादातर की उम्र 10 से 18 साल के बीच है।