21/3/25 :- यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्याधाम में रामलला और हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन कर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सीएम ने टाइमलेस अयोध्या फेस्टिवल में यूपी व देश की तरक्की का जिक्र कर दुनिया मे भारत के बढ़ते कद का बखान किया तो विरासत और विकास की सोच रखने वाले पीएम के विजन को क्रांतिकारी बताया।
राम मंदिर के लिए सत्ता की परवाह नहीं की, दो लाख से 16 करोड़ हुई श्रद्धालुओं की संख्या
राजसदन पैलेस में दो दिवसीय कला व साहित्य के उत्सव टाइमलेस अयोध्या कार्यक्रम में सीएम ने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि मेरी तीन पीढ़ियां श्रीराम जन्म भूमि आंदोलन को समर्पित थीं। नौकरशाही का एक बड़ा तबका ऐसा था जो कहता था कि सीएम के रूप में अयोध्या जाने से विवाद खड़ा होगा। आप जाएंगे तो मंदिर की बात होगी तब मैंने कहा था कि हम कौन सत्ता के लिए आए हैँ। राम मंदिर के लिए सत्ता गंवानी पड़ी तो कोई समस्या नहीं।
इसी के बाद अवनीश अवस्थी को दीपोत्स्व के लिए सर्वें करने भेजा फिर जो हुआ वो इतिहास बन गया। सीएम ने कहा कि 2016-17 में महज दो लाख 34 हजार श्रद्धालु आए थे। वहीं गत वर्ष ये संख्या 16 करोड़ हो गई।
आज उपद्रव नहीं उत्सव मनाता है उत्तर प्रदेश
यह ‘नए भारत’ का ‘नया उत्तर प्रदेश’ है, यहां नीति बनाकर बिना भेदभाव के समाज के प्रत्येक तबके के लिए आर्थिक स्वावलंबन के कार्य किए जा रहे हैं। विगत 8 वर्षों में वे सभी बैरियर हटाए गए हैं, जो उत्तर प्रदेश के विकास में बाधक थे। यह वही उत्तर प्रदेश है, जहां उपद्रव होते थे, आज उस प्रदेश में उपद्रव नहीं, उत्सव मनाए जा रहे हैं। आस्था भी आजीविका का माध्यम बन सकती है। ‘संस्कृति का पर्व’ भी ‘रोजगार का पर्व’ बन सकता है, संस्कृति भी समृद्धि का आधार बन सकती है। यह पीएम के विजन से साकार हुआ है।
विरासत-विकास के आधार वाली लेखनी बनेगी धरोहर
प्रधानमंत्री ने विरासत और विकास को एक साथ जोड़कर के भारत की परंपरा को गौरव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज दुनिया में भारत के प्रति सम्मान का भाव है। आज के दिन पर वह लेखनी का आधार बनना चाहिए, क्योंकि जो लेखनी आज होगी वह आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर बनेगी, एक प्रेरणा बनेगी। ‘साहित्य’ समाज का दर्पण तो होता ही है, यह समाज के सृजन का आधार भी बनता है।
श्रीराम पर जिसने लिखा वो महान हो गया
श्री अयोध्या धाम भारत के सनातन धर्म की आधार भूमि है, सप्तपुरियों में प्रथम है। जिसने ‘राम’ पर लिखा, वह महान हुआ। महर्षि वाल्मीकि ने श्रीराम को आधार बनाकर महाकाव्य ‘रामायण’ की रचना कर डाली। यह आमजन के लिए इतनी लोकप्रिय हुई कि केवल भारत की ही नहीं, बल्कि दुनिया की कोई ऐसी भाषा नहीं, जिसमें रामायण या रामचरितमानस किसी न किसी रूप में लोगों को हृदय को न छू रही हो।
अयोध्या मंडल के युवाओं को दिया 47 करोड़ का लोन
मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत अयोध्या मंडल में शामिल अयोध्या समेत अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर और अम्बेडकरनगर जिले के 1,148 युवाओं को 47 करोड़ का ऋण वितरण किया। सीएम ने युवा उद्यमियों के स्टार्टअप की प्रदर्शनी का उद्घाटन कर जायजा लिया। सीएम ने आयुक्त सभागार में बैठक कर रामनवमी की तैयारियों और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा की। सीएम ने लखानी ग्रुप के बॉटलिंग प्लांट का शुभारंभ किया।
जॉब देने वाला बन रहा है भारत का युवा
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 8 वर्ष पहले 12.75 लाख करोड़ की थी, आज वही बढ़कर के 27.51 लाख करोड़ की हो चुकी है, यानि दोगुनी से अधिक। प्रति व्यक्ति आय 45 हजार से बढ़कर लगभग 01 लाख हो चुकी है, इसमें भी दोगुने से अधिक की वृद्धि हुई है। आज उत्तर प्रदेश का युवा नौकरी प्राप्त कर रहा है, स्वतः रोजगार के साथ जुड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में निवेश आ रहे हैं, विकास के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं।विकास और विरासत को जोड़कर नया यूपी अपने अन्नदाता किसानों, अपनी मातृशक्ति के स्वावलंबन, युवाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। भारत का युवा अब जॉब लेने वाला नहीं, बल्कि जॉब देने वाला बनने जा रहा है। जब युवा अपना स्वयं का उद्यम स्थापित करेगा, तो वह स्वयं तो आत्मनिर्भर होगा ही, 10 नए लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराएगा।
भ्रष्टाचार के घुन को समाप्त करने की आवश्यकता
अगर कोई आपसे अनावश्यक रूप में धनराशि की मांग करता है, आप उसकी शिकायत करिए। हम उसकी जांच करके जवाबदेही तय करवा देंगे।
जो गलत तरीके से आपसे धनराशि की डिमांड करेगा, उस व्यक्ति के परिवार की वह अंतिम सरकारी नौकरी होगी, फिर उस परिवार का कोई व्यक्ति सरकारी सेवा में नहीं आ पाएगा.