बड़े प्रशासनिक फेरबदल से मचा हड़कंप, कई SDM के कार्यक्षेत्र बदले

12/04/26 प्रतापगढ़:- जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया है। इस अचानक हुए बदलाव से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और अफसरों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है।

जारी आदेश के अनुसार संयुक्त मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा को सदर का एसडीएम बनाया गया है। वहीं, पहले सदर में तैनात नैंसी सिंह को हटाकर अपर उपजिलाधिकारी द्वितीय के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा एसडीएम न्यायिक पट्टी अनुराग सिंह को रानीगंज का नया एसडीएम बनाया गया है। वहीं विमल कुमार को रानीगंज से हटाकर अतिरिक्त उपजिलाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में नायब तहसीलदार अंकित सिंह को प्रभारी तहसीलदार रानीगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले में अधिकारियों के बीच हलचल मच गई है और सभी अपने-अपने नए दायित्वों को संभालने में जुट गए हैं।

सबसे बड़ा बदलाव सदर और रानीगंज तहसील में देखने को मिला है। आईएएस अनुष्का शर्मा को सदर तहसील का नया एसडीएम बनाया गया है। खास बात यह है कि वह आईपीएस/सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा की पत्नी हैं, जिससे यह तैनाती और भी चर्चा में आ गई है।

रानीगंज से हटे विमल कुमार का लंबे संघर्ष के बाद हुआ तबादला

रानीगंज तहसील में तैनात रहे एसडीएम विमल कुमार का ट्रांसफर पहले से ही चर्चाओं में बना हुआ था। उनके कार्यकाल के दौरान अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी रही।तहसील केअधिवक्ताओं ने उनके खिलाफ कई बार विरोध प्रदर्शन किया था, जिससे माहौल काफी गरम हो गया था।

जनसुनवाई और न्यायालय में अधिवक्ताओ द्वारा कार्य नहीं करने के शर्त पर विरोध खत्म हुआ था, बताया जाता है कि अधिवक्ताओं ने विमल कुमार के खिलाफ तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। विरोध इतना बढ़ गया कि अधिवक्ता तहसील सभागार में भूख हड़ताल पर भी बैठ गए थे। इस दौरान प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच टकराव की स्थिति भी बनी रही। इतना ही नहीं, एक बार जनसुनवाई के दौरान अधिवक्ताओं ने विरोध करते हुए विमल कुमार को सभागार से बाहर तक कर दिया था। यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई थी और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे।

अधिवक्ताओं का यह विरोध लंबे समय तक चलता रहा। बार-बार प्रदर्शन, धरना और भूख हड़ताल के बाद आखिरकार प्रशासन को बड़ा फैसला लेना पड़ा। जिलाधिकारी द्वारा किए गए इस ताजा फेरबदल में विमल कुमार को रानीगंज से हटाकर अतिरिक्त उपजिलाधिकारी बना दिया गया है।

इस फैसले को अधिवक्ताओं की जीत के रूप में भी देखा जा रहा है, क्योंकि वे लंबे समय से उनके ट्रांसफर की मांग कर रहे थे। वहीं, नए एसडीएम के रूप में अनुराग सिंह की तैनाती से अब रानीगंज तहसील में माहौल सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रशासनिक तंत्र में हलचल

डीएम के इस फैसले के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई है। अचानक हुए इस बदलाव से अधिकारी नई जिम्मेदारियों को लेकर सतर्क हो गए हैं। वहीं आम लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि नए अधिकारियों के आने से व्यवस्था में कितना सुधार होता है।

फिलहाल, रानीगंज तहसील में हुए इस बदलाव को एक बड़े प्रशासनिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले समय में साफ नजर आ सकता है

newspratapgarhTRANSFERPOSTINGuputtarpradesh
Comments (0)
Add Comment