08/04/26 पीलीभीत:– कलीनगर तहसील से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया जहाँ किसी अज्ञात व्यक्ति ने तहसीलदार कार्यालय के गेट पर कागज चस्पा कर दिया। जिस पर कार्यालय को सील करने और धमकी भरी बातें लिखी हैं। सुबह जब कर्मचारी पहुंचे तो गेट पर कागज चस्पा देख उनके होश उड़ गए।
पीलीभीत के कलीनगर तहसीलदार कार्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब रोज की तरह दफ्तर खोलने पहुंचे कर्मचारियों की नजर गेट पर चस्पा कागज पर पड़ी। कागज पर लाल कलम से जो संदेश लिखा था उसने कर्मचारियों को हैरत में डाल दिया। उस पर लिखा था कि “यह अल्लाह के वली का आदेश है। तहसीलदार कार्यालय को सील कर दिया गया है।”
कागज पर धमकी भी लिखी गई हैं। लिखा है कि “पूर्ण पृथ्वी छोड़कर कहीं चले जाओ और जो भी व्यक्ति इस आदेश को पढ़ेगा, उसकी मृत्यु हो जाएगी।” पर्चे पर चार अप्रैल की तारीख अंकित थी। इसके साथ ही उसमें जुर्माना, सजा, रुपये और बैंक खाते जैसे शब्दों का भी उल्लेख किया गया है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हुआ।
सुबह-सुबह इस तरह का संदेश देखकर कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग हैरत में पड़ गए। कुछ समय के लिए तहसील परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया।
अधिकारियों के निर्देश पर पर्चे को गेट से हटाया गया और कार्यालय को सामान्य रूप से खोलकर कामकाज शुरू कर दिया गया। तहसील प्रशासन का कहना है कि यह हरकत किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात के समय की गई है।
प्रथम दृष्टया मामला किसी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की शरारत का लग रहा है, हालांकि जांच कराई जा रही है। फिलहाल, इस रहस्यमयी पर्चे को लेकर तहसील परिसर में हर कोई हैरान है।