6/03/25:- मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, दोनों नेताओं ने आपसी व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने पर प्रतिबद्धता जताई, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने PM मोदी को मिथ्रा विभूषण पुरस्कार प्रदान किया”धर्म चक्र” साझा बौद्ध विरासत को दर्शाता है जिसने दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को आकार दिया है।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कर्नाटक के कारवार में भारतीय नौसेना के आईएनएस सुनयना को हरी झंडी दिखाई। रक्षा मंत्री ने 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से प्रोजेक्ट सीबर्ड के तहत निर्मित आधुनिक संचालन, मरम्मत और रसद सुविधाओं का भी उद्घाटन किया।
- पाकिस्तान की इन दिनों हालत काफी खराब चल रही है। रोज-रोज पाकिस्तान सेना पर हमले हो रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत ने संघीय सरकार की निर्वासन नीति की आलोचना करते हुए उसे ‘दोषपूर्ण’ बताया है और स्पष्ट किया है कि किसी भी अफगान शरणार्थी को जबरदस्ती प्रदेश से बाहर नहीं निकाला जाएगा। यह निर्णय ऐसे समय आया है जब देश के अन्य हिस्सों में शरणार्थियों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो सरकार के निर्देश पर चल रही है।
- कैश कांड में घिरे और दिल्ली हाईकोर्ट से स्थानांतरित न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को शनिवार सुबह इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश की शपथ दिला दी गई। परंपरागत तरीके से हटकर गुपचुप तरीके से ली गई शपथ से हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नाराज हो गया है। इस शपथ को संविधान के खिलाफ भी बताते हुए प्रस्ताव भी पास किया है। हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने गुप्त तरीके से शपथ ग्रहण की निंदा करते हुए कहा कि जस्टिस यशवंत वर्मा को इलाहाबाद हाईकोर्ट में वापस भेजे जाने के खिलाफ हमारे विरोध को देखते हुए भारत के प्रधान न्यायाधीश ने बार के सदस्यों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि न्यायिक प्रणाली की गरिमा को बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
- भारतीय जनता पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष अन्नामलाई ने शुक्रवार को कहा कि वह राज्य इकाई के अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं हैं, क्योंकि उनकी पार्टी में किसी प्रतिस्पर्धा की कोई गुंजाइश नहीं है और अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से होता है। कोयंबटूर में संवाददाताओं से बात करते हुए अन्नामलाई से पूछा गया कि क्या वह तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘मैं नए प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं हूं।’
- कर्नाटक हाई कोर्ट ने संसद और राज्य विधानसभाओं से अनुरोध किया है कि वे यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर कानून बनाने की कोशिश करें। इससे भारत के संविधान की प्रस्तावना के सिद्धांतों के उद्देश्य को सही मायने में हासिल किया जा सके। जस्टिस हंचते संजीव कुमार की अध्यक्षता वाली सिंगल जज की बेंच ने एक मृतक मुस्लिम महिला शहनाज बेगम के भाई-बहनों और पति के बीच संपत्ति विवाद से जुड़ी एक दीवानी अपील पर फैसला सुनाते हुए यह सिफारिश की। कोर्ट ने कहा, “देश को व्यक्तिगत कानूनों और धर्म के संबंध में यूनिफॉर्म सिविल कोड की आवश्यकता है, तभी भारत के संविधान के अनुच्छेद 14 का उद्देश्य प्राप्त होगा।”
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कारोबारी एलन मस्क के विरोधियों ने सरकारी नौकरियों से छंटनी, अर्थव्यवस्था, मानवाधिकार और अन्य मुद्दों पर प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ शनिवार को पूरे देश में रैली करने की योजना बनाई है। इस कदम से ट्रंप और मस्क की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागरिक अधिकार संगठनों, श्रमिक संघों, एलजीबीटीक्यू प्लस, अधिवक्ताओं, पूर्व सैन्यकर्मियों और चुनाव कार्यकर्ताओं सहित 150 से अधिक समूहों द्वारा 1,200 से अधिक प्रदर्शनों की योजना बनाई गई है।
- दुनिया की सबसे बड़ी इन्वेस्टमेंट बैंक JP Morgan ने आज घोषणा की है कि साल 2025 में अमेरिका मंदी की चपेट में आ जाएगा, ट्रंप की नीतियां अमेरिका को ग्रेट बनाने की बजाय बरबादी की ओर ले जा रहे हैं।
- रामनवमी पर अयोध्या धाम में उत्सव सा नजारा है। रामलला की जन्मभूमि पर रामनवमी की विशेष तैयारियां की गई हैं। दोपहर ठीक 12 बजे रामलला का जन्म होगा और इस दौरान चार मिनट तक रामलला के मष्तक पर सूर्य की किरणों से अभिषेक किया जाएगा। धनिया मेवा पंजीरी का विशेष प्रसाद भक्तों में वितरित होगा। देर रात भक्तों की मौजूदगी तक रामलला के दर्शन होंगे। रामनवमी पर सुबह तय समय साढ़े चार बजे मंगला आरती होगी। साढ़े छह बजे से दर्शन शुरू होंगे। रामनवमी के लिए वीआईपी पास नहीं बनाए गए है। सुबह साढ़े नौ बजे सबसे पहले रामलला का अभिषेक किया जाएगा
- आईपीएल 2025 के 18वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 50 रनों से हराया। जीत के लिए मिले 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते पंजाब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी।