उत्तरप्रदेश: नए मुख्य सचिव बने एसपी गोयल, मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल हुआ समाप्त

247

01/8/25 लखनऊ:- उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल (एसपी गोयल) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने गुरुवार को निवर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह से कार्यभार ग्रहण किया, जो एक साल से अधिक समय तक इस पद पर रहने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी एसपी गोयल अपनी प्रशासनिक क्षमताओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक के रूप में जाने जाते हैं।

उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिसमें मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव का पद शामिल है। उनकी नियुक्ति को योगी सरकार के आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आईएएस टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं एसपी गोयल
आईएएस टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट रहे एसपी गोयल का प्रशासनिक सेवा का अनुभव करीब तीन दशक से अधिक का है। 2017 में जब योगी सरकार सत्ता में आई, तब उन्हें दिल्ली में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से विशेष रूप से वापस बुलाया गया था। तब से वे मुख्यमंत्री की कोर टीम का हिस्सा रहे हैं। मनोज कुमार सिंह की तरह एसपी गोयल भी योगी के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों में से एक माने जाते हैं।

नए मुख्य सचिव के सामने चुनौतियां
नए मुख्य सचिव के रूप में एसपी गोयल के सामने कई चुनौतियां होंगी। 2027 के विधानसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले पंचायत चुनावों को देखते हुए, उन्हें सिर्फ लोक भवन और पांच कालीदास मार्ग की ब्यूरोक्रेसी तक ही सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर जनता और फील्ड के अधिकारियों के बीच भी तालमेल बिठाना होगा।

एसपी गोयल का रिटायरमेंट 31 जनवरी, 2027 को होना है, लेकिन माना जा रहा है कि सरकार विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनके सेवा विस्तार का रास्ता निकाल सकती है।

पूर्व और वर्तमान मुख्य सचिवों ने क्या कहा?
कार्यभार सौंपने के बाद, निवर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा, मैंने पिछले एक साल तक मुख्य सचिव के रूप में काम किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कई महत्वपूर्ण कार्य और आयोजन संपन्न हुए। मैं सभी को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं एसपी गोयल का स्वागत करता हूं।

वहीं, पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी गोयल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, मेरी प्राथमिकताएं मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताएं हैं। मैं जीरो टॉलरेंस, जीरो क्राइम, जीरो कराशन और औद्योगिक विकास को आगे ले जाऊंगा। गोयल के पास अब तक जो महत्वपूर्ण विभाग थे, वह अब संजय प्रसाद को सौंप दिए गए हैं, जो पहले से ही प्रमुख सचिव हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.