उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई भारी तबाही, कई लोगों की मौत

85

13/05/26 UP:- उत्तर प्रदेश में बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों पर बने चक्रवाती परिसंचरण व दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवा से कई जिलों में 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से आंधी चली।

इस कारण अलग-अलग जिलों में पेड़, दीवार और बिजली गिरने से करीब 50 के आसपास लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। आंधी के कारण रेल और बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही। सबसे अधिक असर प्रयागराज मंडल में देखने को मिला।

उन्नाव में पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में युवती और बालिका की जान चली गई, जबकि 33 बकरियां भी मर गईं। कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग और उन्नाव-रायबरेली रेलमार्ग पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन घंटों प्रभावित रहा।

कई जिलों में बिजली के खंभे और तार टूटने से हजारों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सरकार ने मृतकों के स्वजन को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। बरेली मंडल में भी आंधी जानलेवा साबित हुई। बरेली, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ और दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई।

कई बच्चे और अन्य लोग घायल हुए। हाईवे और मुख्य सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। सीतापुर, लखीमपुर और हरदोई में भी आंधी-बारिश के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई। सीतापुर में पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की जान गई और छह लोग घायल हो गए। लखीमपुर में बिजली गिरने से हादसा हुआ, जबकि हरदोई में बिजली गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई।
लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी बारिश और तेज हवा के चलते भीषण गर्मी से काफी राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के आसार हैं।

बुधवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, “प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान शुष्क मौसम के साथ तापमान में वृद्धि होगी”.

Leave A Reply

Your email address will not be published.