UP: मुठभेड़ में वांछित आरोपी शुभम तिवारी के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा व अपाचे बाइक बरामद

61

28/07/26 प्रतापगढ़:- उत्तर प्रदेश के जनपद प्रतापगढ़ में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जेठवारा पुलिस एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झपटमारी के मामले में वांछित अभियुक्त शुभम तिवारी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को थाना जेठवारा क्षेत्र के सरायबाबू निवासी नईम ने मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर लौटने के दौरान अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों द्वारा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी झपटकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना जेठवारा में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में मंगलवार को थाना जेठवारा पुलिस व स्पेशल टीम संदिग्धों की तलाश एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गजराही नहर पुलिया के पास मोटरसाइकिल से आ रहे अभियुक्त शुभम तिवारी ने पुलिस टीम को देखकर रुकने के बजाय कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम तिवारी पुत्र अवध कुमार तिवारी निवासी ग्राम मनेहूँ, थाना जेठवारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मिस कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सह-अभियुक्त हर्ष तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। शुभम तिवारी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.